ग्राम प्रधान व बीडीसी के नामांकन के लिए होंगे अलग-अलग काउंटर
बागपत
यूपी में होने वाले पंचायत चुनाव में चुनाव आयोग और प्रशासन कोई कमी नहीं छोड़ना चाह रहा है। ब्लॉक स्तर पर क्षेत्र पंचायत, ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन और चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के लिए आरओ और एआरओ बनाए जाएंगे। ग्राम प्रधान और सदस्य के अलग और क्षेत्र पंचायत के लिए अलग निर्वाचन और सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रदेश में जल्द ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तिथियों का एलान होने वाला है। फिलहाल आरक्षण की प्रक्रिया चल रही है। बागपत जिले में 244 ग्राम पंचायतों, 505 बीडीसी सदस्यों, 3332 ग्राम पंचायत सदस्यों और 20 जिला पंचायत वार्डों के लिए चुनाव होगा। चुनाव में जिलेभर के करीब 7.93 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के दस वार्डों पर एक सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया जाएगा। यानी लगभग 51 एआरओ बनेंगे तो 10 निर्वाचन अधिकारी बनाए जाएंगे। एडीएम अमित कुमार ने बताया कि ब्लाकों पर नामांकन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके लिए लगभग दस काउंटर बनेंगे। इसी तरह से ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद पर न्याय पंचायतवार एक एआरओ बनाया जाएगा। जिले में 50 से अधिक न्याय पंचायतें हैं, इसलिए 50 से अधिक एआरओ और 10 आरओ बनेंगे। इन पदों पर भी ब्लॉक स्तर पर नामांकन होगा, यहां 9 से 14 काउंटर बनाए जाएंगे। आरओ में प्रथम और द्वितीय रैंक के अधिकारी व एआरओ में तृतीय रैंक के अधिकारी लगाए जाएंगे।
डीएम-एसपी होंगे सुपर जोनल
सुपर जोनल में डीएम, सीडीओ, एसपी रहेंगे। जबकि जोनल में एडीएम, डीडीओ, एसडीएम, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट व प्रथम श्रेणी रैंक वाले जिला स्तरीय अधिकारी बनाए जाएंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट में द्वितीय रैंक के अधिकारी नियुक्त होंगे। प्रभारी अधिकारी भी इन्हीं में से लगाए जा सकते हैं। पंचायत चुनाव के लिए इसकी सूची तैयार होने लगी है। बताया जा रहा है कि इलेक्शन स्टॉफ डेवलपमेंट सॉफ्टवेयर पर मतदान कार्मिक, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, आरओ, एआरओ, प्रभारी अधिकारी, मतगणना अधिकारी की ड्यूटी लगेगी।
डीडीसी का नामांकन कलेक्ट्रेट में होगा
एडीएम अमित कुमार ने बताया कि बीडीसी, प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों का नामांकन ब्लाकों पर होगा, जबकि जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) का नामांकन जिले स्तर पर होगा। यहां एआरओ और एक निर्वाचन अधिकारी होंगे। कलेक्ट्रेट भवन में नामांकन स्थल बनाया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया सीसीटीवी के बीच होगी।

पाठको की राय